नई दिल्ली। आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी डील्स में से एक का ऐलान हो गया है। दिग्गज उद्योगपति और स्टील किंग लक्ष्मी निवास मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर राजस्थान रॉयल्स को खरीदने का समझौता कर लिया है। यह डील करीब 1.65 बिलियन डॉलर (लगभग 15,600 करोड़ रुपये) में हुई है, जो रॉयल्स की ग्लोबल वैल्यू को दर्शाती है।
मालिकाना हक का नया गणित, किसके पास कितनी हिस्सेदारी?
इस नए समझौते के बाद राजस्थान रॉयल्स के बोर्ड का ढांचा पूरी तरह बदल जाएगा। मित्तल परिवार के पास टीम की सबसे ज्यादा यानी 75 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट के अदार पूनावाला के पास 18 प्रतिशत हिस्सा होगा। मौजूदा मालिक मनोज बडाले और कुछ अन्य निवेशकों के पास बाकी बची 7 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी। मनोज बडाले टीम के साथ जुड़े रहेंगे ताकि पुराने और नए मैनेजमेंट के बीच तालमेल बना रहे।
क्यों टूटी पिछली डील?
खबरों की मानें तो इससे पहले काल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने की सफल बोली लगाई थी। लेकिन आखिरी समय में उन्हें पैसों के इंतजाम में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से वह डील पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद मित्तल परिवार और पूनावाला ने मैदान में उतरकर इस ऐतिहासिक सौदे को अंजाम दिया।
सिर्फ आईपीएल ही नहीं, पूरा रॉयल्स परिवार बिका
यह 1.65 बिलियन डॉलर की कीमत सिर्फ आईपीएल टीम के लिए नहीं है। राजस्थान रॉयल्स के पास दुनिया की दो और बड़ी टीमें हैं, दक्षिण अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरिबियन प्रीमियर लीग की बारबाडोस रॉयल्स। यह सौदा इन तीनों टीमों की एंटरप्राइज वैल्यू को मिलाकर किया गया है। हालांकि, इसे पूरी तरह लागू होने के लिए अभी बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल जैसी अथॉरिटीज से मंजूरी मिलना बाकी है, जो 2026 के आखिरी महीनों तक मिल सकती है।
राजस्थान से है लक्ष्मी मित्तल का रिश्ता
टीम खरीदने के बाद लक्ष्मी निवास मित्तल ने कहा कि उनका परिवार मूल रूप से राजस्थान से है, इसलिए राजस्थान रॉयल्स उनके लिए सिर्फ एक टीम नहीं बल्कि एक जज्बात है। उन्होंने कहा, ‘मैं इस महान टीम का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं और मैदान के किनारे बैठकर फैंस के साथ टीम को चीयर करने का इंतजार कर रहा हूं।’ वहीं, आदित्य मित्तल ने कहा कि वे राजस्थान रॉयल्स की नई प्रतिभाओं को निखारने वाली विरासत को और आगे ले जाना चाहते हैं।
अदार पूनावाला और मनोज बडाले का रिएक्शन
अदार पूनावाला ने आदित्य मित्तल के साथ इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि वे टीम की लंबी सफलता के लिए काम करेंगे। वहीं, टीम के पुराने सर्वेसर्वा मनोज बडाले ने कहा कि मित्तल परिवार और पूनावाला जैसे बड़े नामों का टीम में आना गौरव की बात है। उन्होंने फैंस और खिलाड़ियों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने राजस्थान रॉयल्स को ‘हल्ला बोल’ की पहचान दिलाई।