डेस्क। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने तो बॉक्स ऑफिस पर सच में ‘धुरंधर’ वाली ही पारी खेली है। फिल्म को रिलीज हुए 51 दिन बीत चुके हैं, लेकिन फिल्म रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब तो आलम ये है कि फिल्म अपने 8वें हफ्ते में भी टिकी हुई है और धीरे-धीरे ही सही, मगर एक बहुत बड़े रिकॉर्ड की तरफ बढ़ रही है।
51वें दिन की कमाई और कुल कलेक्शन
अगर ताजा आंकड़ों की बात करें, तो अपने 8वें शुक्रवार यानी 51वें दिन ‘धुरंधर 2’ ने भारत में करीब 42 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है। ये कमाई गुरुवार के मुकाबले थोड़ी कम जरूर है, लेकिन जिस फिल्म को सिनेमाघरों में 2 महीने होने आए हों, उसके लिए ये भी बड़ी बात है।
भारत में कुल नेट कमाई: 1141.09 करोड़
भारत में ग्रॉस कमाई: 1365.71 करोड़
विदेशों में कमाई: 426.40 करोड़
पूरी दुनिया में कुल कमाई: 1792.11 करोड़
मतलब साफ है, फिल्म अब 1800 करोड़ के आंकड़े से बस कुछ ही कदम दूर है। इस वीकेंड पर उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म ये मुकाम भी हासिल कर लेगी।
‘धुरंधर 3’ की तैयारी शुरू?
बॉक्स ऑफिस की इस रिकॉर्डतोड़ कमाई के बीच फैंस के लिए एक और खुशखबरी सामने आ रही है। फिल्म की को-प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने हाल ही में एक इंटरव्यू में हिंट दिया है कि ‘धुरंधर’ की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वो दर्शकों के लिए इस साल के अंत तक कुछ बड़ा सरप्राइज प्लान कर रही हैं. इससे ये साफ हो गया है कि ‘धुरंधर 3’ शायद सिनेमाघरों में आ सकती है।
फ्रेंचाइजी की सफलता
सिर्फ एक फिल्म ही नहीं, बल्कि ‘धुरंधर’ की पूरी फ्रेंचाइजी ने एक महा-रिकॉर्ड बनाया है. इस सीरीज की दोनों फिल्मों की कुल कमाई अब 3,100 करोड़ के पार निकल गई है, जो इसे भारत की सबसे सफल फिल्म सीरीज बनाती है.
हफ्ते दर हफ्ते का सफर
फिल्म की रफ्तार को आप ऐसे समझ सकते हैं कि पहले हफ्ते में इसने 674 करोड़ से शुरुआत की थी। भले ही हर हफ्ते कमाई आधी होती गई, लेकिन 7वें हफ्ते तक आते-आते भी इसने 5.58 करोड़ जोड़ लिए थे। आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी इस स्पाई ड्रामा फिल्म ने यह तो साफ कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो फिल्म हफ्तों नहीं महीनों तक सिनेमाघरों में राज कर सकती है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि ‘धुरंधर 2’ का लाइफटाइम कलेक्शन कहां जाकर थमता है और पार्ट 3 की ऑफिशियल अनाउंसमेंट कब होती है।