नई दिल्ली। ह्यूस्टन में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-के के मुकाबले में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। खिताबी जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही पुर्तगाल की टीम को डीआर कांगो ने 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए टूर्नामेंट की यह शुरुआत बेहद निराशाजनक रही जहां वह मैदान पर बेअसर दिखे। मैच खत्म होने के बाद उन्हें विपक्षी फैंस के तीखे तंज का भी सामना करना पड़ा।
पुर्तगाल ने की मजबूत शुरुआत
रॉबर्टो मार्टिनेज के मार्गदर्शन में खेल रही पुर्तगाल की टीम ने मैच में आक्रामक शुरुआत की थी। युवा मिडफील्डर जोआओ नेवेस ने शुरुआती मिनटों में ही गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी थी, जिससे ऐसा लगा कि पुर्तगाल एकतरफा जीत दर्ज करेगा। हालांकि, हाफ-टाइम से ठीक पहले डीआर कांगो के योन विसा ने शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
रोनाल्डो के लिए खराब रहा मुकाबला
41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए यह मुकाबला किसी बुरे सपने जैसा रहा। पूरे मैच के दौरान वह गेंद के लिए तरसते दिखे और केवल 25 बार ही फुटबॉल को टच कर पाए। पुर्तगाल ने पजेशन के मामले में दबदबा तो बनाया, लेकिन रोनाल्डो गोल पोस्ट पर सटीक निशाना लगाने में नाकाम रहे। इस मुकाबले को मिलाकर रोनाल्डो अब बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स में पिछली 10 पारियों से गोलरहित हैं। छह अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने का रिकॉर्ड बनाने का उनका इंतजार अब और लंबा हो गया है।
मैदान पर लगे मेसी मेसी के नारे
मैच के बाद कांगो के फैंस ने मैदान से बाहर जा रहे रोनाल्डो को चिढ़ाने के लिए मेसी-मेसी के नारे लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, इस हूटिंग के बावजूद रोनाल्डो ने गजब का संयम दिखाया। रोनाल्डो बिना किसी गुस्से के टनल की ओर बढ़ गए और इस दौरान मैदान पर आए एक फैन को गले लगाकर उन्होंने फैंस का दिल जीत लिया।
जहां रोनाल्डो अपने पहले मैच में जूझते नजर आए वहीं ठीक एक दिन पहले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ 3-0 की जीत में हैट्रिक दागकर इतिहास रच दिया। 2022 कतर वर्ल्ड कप की तरह जहां मेसी चैंपियन बने थे और रोनाल्डो को बेंच पर बैठना पड़ा था इस बार भी दोनों दिग्गजों की शुरुआत ने फैंस के बीच बहस छेड़ दी है। पुर्तगाल का अगला मुकाबला अब उज्बेकिस्तान से होगा।