धर्मशाला। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में बड़े कारनामे करने का मौका है। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में है। जनवरी के बाद पहली बार रोहित भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगे। वह सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते हैं।
126 रन बनाकर सहवाग से आगे निकल जाएंगे रोहित
इंटरनेशनल क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ओपनर हैं। उन्होंने भारत के अलावा एशिया और आईसीसी के लिए 358 मैचों में ओपनिंग की। इसमें सहवाग के बल्ले से 16119 रन निकले। रोहित शर्मा ने अभी तक 358 मैचों में ओपनिंग की है। इस दौरान रोहित के बल्ले से 15994 रन निकले हैं। यानी अगर अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में रोहित 126 रन बना देते हैं तो इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ओपनर बन जाएंगे। सनथ जयसूर्या 19298 रनों के साथ इंटरनेशनल मैचों के सबसे सफल ओपनर हैं।
भारत के लिए खेले गए वनडे मैचों में रोहित पहले ही सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर बन गए हैं। लेकिन सहवाग ने आईसीसी और एशिया के लिए भी मुकाबले खेले थे। उनके रन को मिला दें तो सहवाग अभी भी रोहित से आगे चल रहे हैं। रोहित ने पहली बार 2009 में भारत के लिए ओपनिंग की थी। 2013 से वह वनडे और टी20 में नियमित ओपनर बन गए हैं। 2019 से टेस्ट में रोहित ने ओपनिंग शुरू की थी।
सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय ओपनर
रोहित शर्मा के पास इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाला भारतीय ओपनर बनने का भी मौका है। 383 पारियों में रोहित ने भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में 45 शतक ठोके हैं। वहीं महान सचिन तेंदुलकर के बल्ले से 342 पारियों में 45 शतक निकले थे। इस मैच में शतक लगाते ही रोहित सचिन को पीछे छोड़ देंगे। इंटरनेशनल क्रिकेट में ओपनर के रूप में सबसे ज्यादा 49 शतक डेविड वॉर्नर के नाम हैं।