डेस्क। आखिरकार आईपीएल 2026 का पहला सुपर ओवर फैंस को देखने के लिए मिल गया। लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (LSG vs KKR) के बीच खेले गए रोमांचक मैच में अंतिम ओवर तक धड़कनें गोते लगाती रहीं लेकिन अंत में जो हुआ, उस पर किसी को भरोसा नहीं हुआ। लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने खराब प्रदर्शन की कड़ी में नया कारनामा कर दिखाया है।
आईपीएल 2026 का पहला सुपर ओवर
इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन 19 में आखिर वो पल आ गया जब मैच टाई हुआ और फैसला सुपर ओवर के जरिए निकला। हालांकि, जिस अंदाज में सब कुछ खत्म हुआ वो वाकई दिलचस्प और हैरान करने वाला रहा। इसकी वजह बनी केकेआर की एक शानदार चाल।
कोलकाता-लखनऊ आईपीएल मैच
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच आईपीएल 2026 का 38वां मैच खेला गया। इस मैच में नौवें और दसवें नंबर की टीमें आमने-सामने थीं और दोनों के लिए जीत जरूरी थी। लखनऊ की टीम ने टॉस जीता और कोलकाता को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया।
मोहसिन खान का गेंद से कहर, रिंकू सिंह का बल्ले से धमाल
कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी जब शुरू हुई तो उन्हें तेज गेंदबाज मोहसिन खान के कहर का सामना करना पड़ा। मोहसिन ने अपने 4 ओवरों में 1 मेडन करते हुए सिर्फ 23 रन देकर रिकॉर्ड 5 विकेट झटके। केकेआर की टीम एक समय पर 93 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी। तभी कोलकाता के उपकप्तान रिंकू सिंह ने 51 गेंदों में नाबाद 83 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 5 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। उन्होंने अंतिम ओवर में लगातार 4 छक्के भी लगाए, जिससे स्कोर 20 ओवर में 155 रन तक पहुंच गया।
लखनऊ की टीम अंतिम ओवर तक पहुंची
लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी एक बार फिर कभी ऊपर, कभी नीचे की तरफ जाती रही। उतार-चढ़ाव भरी इस पारी के बीच एडेन मार्करम ने 31 रन और कप्तान ऋषभ पंत ने 42 रन बनाए। अंत में इम्पैक्ट प्लेयर हिम्मत सिंह ने 10 ओवर में 19 रन बनाए जिसकी बदौलत किसी तरह मैच अंतिम ओवर तक जा पहुंचा और आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे।
आखिरी ओवर का रोमांच और शमी का छक्का
कार्तिक त्यागी द्वारा किए गए आखिरी ओवर में खूब ड्रामा हुआ। पहली गेंद पर 1 रन आया। दूसरी गेंद नो-बॉल रही, त्यागी ने इसके बाद लगातार दूसरी बार नो-बॉल की। अब कोलकाता को 5 गेंदों में 12 रन चाहिए थे, लेकिन दो नो-बॉल के बावजूद त्यागी से ओवर कराया जाना भी चर्चा व विवाद का विषय बन गया। इसके बाद ओवर की दूसरी गेंद पर हिम्मत सिंह ने चौका लगाया लेकिन तीसरी गेंद पर रिंकू के हाथों कैच आउट हो गए। चौथी गेंद पर 1 रन आया, लेकिन पांचवीं गेंद पर मोहम्मद शमी कोई रन नहीं ले सके। अब 1 गेंद पर जीत के लिए 7 रन चाहिए थे और मैच टाई कराने के लिए छक्का चाहिए था। शमी ने सबको चौंकाया और लॉन्ग ऑफ पर जोरदार छक्का लगाकर मैच सुपर ओवर की तरफ मोड़ दिया।
सुपर ओवर में कोलकाता ने खेला ट्रम्प कार्ड, लखनऊ हुई बेहाल
लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2026 के इस पहले सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने उतरी और कोलकाता ने अपना सबसे बड़ा ट्रम्प कार्ड खेला। उन्होंने किसी तेज गेंदबाज के बजाय अपने सबसे अनुभवी स्पिनर सुनील नरायन को गेंद थमाई। ये बड़ी चाल इसलिए थी क्योंकि निकोलस पूरन बल्लेबाजी करने उतरे थे और उन्हीं के देश के नरायन ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में कई बार आखिरी ओवर या सुपर ओवर में पूरन को फंसाया है। हुआ भी वही, नरायन ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को बोल्ड कर दिया। फिर ऋषभ पंत आए और दूसरी गेंद पर 1 रन लिया, लेकिन तीसरी गेंद पर नरायन ने एक शानदार गेंद पर एडेन मार्करम को फंसाया। गेंद बाउंड्री पार जा रही थी, लेकिन वहां खड़े रोवेमैन पॉवेल ने दौड़ लगाकर पहले गेंद को लपका फिर बाहर जाने से पहले उसे अंदर फेंका और अंदर खड़े थे मैच में पहले ही 4 कैच लपक चुके रिंकू सिंह जिन्होंने कोई चूक नहीं की और कैच लेकर लखनऊ के सुपर ओवर का अंत 1 रन पर ही कर दिया।
कोलकाता ने पहली ही गेंद पर खत्म कर दिया मैच
कोलकाता के सामने सिर्फ 2 रनों का लक्ष्य था। लखनऊ ने प्रिंस यादव को गेंद थमाई और सामने थे अब तक पूरे मैच में छाए रहने वाले रिंकू सिंह। पहली गेंद आई और रिंकू सिंह ने इसी गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया। केकेआर ने इस जीत के साथ आठवें नंबर पर जगह बनाई जबकि लखनऊ की टीम अंक तालिका में अब 10वें नंबर पर बरकरार है।
सुपर ओवर में सबसे कम रन का नया रिकॉर्ड बना
अब इसी के साथ आईपीएल इतिहास में सुपर ओवर में सबसे कम रन का नया रिकॉर्ड बन गया है। एक रन का ये रिकॉर्ड लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम दर्ज हो चुका है। इससे पहले ये रिकॉर्ड 2020 में पंजाब किंग्स ने दिल्ली के खिलाफ बनाया था जब वे दुबई के मैदान पर सुपर ओवर में खेलते हुए 2 रन पर आउट हो गए थे।