डेस्क। अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। मदर डेयरी ने प्रति लीटर में 2 रुपये दूध के दाम बढ़ाए। नई कीमतें आज रात यानी 14 मई 2026 गुरुवार से लागू होंगी। कंपनी ने कहा है कि किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा।
मदर डेयरी ने बयान जारी कर बताया कि पिछले एक साल में किसानों को दिए जाने वाले खरीद मूल्य में करीब 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी का कहना है कि उसने उपभोक्ताओं पर बोझ कम रखने की कोशिश की, लेकिन लगातार बढ़ती लागत के चलते अब कीमतों में आंशिक बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।
कंपनी के मुताबिक, दूध बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75-80 फीसदी हिस्सा सीधे किसानों को दिया जाता है। मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। इसकी बिक्री कंपनी के अपने बूथ, सामान्य बाजार और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए होती है।
56 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हुई
नई दरों के बाद दिल्ली-एनसीआर में टोंड मिल्क (बल्क वेंडेड) की कीमत 56 रुपये से बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं फुल क्रीम दूध (पाउच) अब 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। टोंड मिल्क (पाउच) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि डबल टोंड दूध 54 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत भी 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
17 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष में 17 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 20,300 करोड़ रुपये का कारोबार हासिल किया था। कंपनी ने कहा कि दूध उत्पादों और खाने वाले तेल की मांग बढ़ने से उसकी बिक्री मजबूत रही।
साल 1974 में शुरू हुई मदर डेयरी नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है। कंपनी मदर डेयरी (Mother Dairy) ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पाद बेचती है। वहीं धारा (Dhara) ब्रांड के तहत खाद्य तेल और सफल (Safal) ब्रांड के जरिए फल, सब्जियां, फ्रोजन फूड और स्नैक्स की बिक्री करती है। कंपनी के पास 9 दूध प्रोसेसिंग प्लांट और 4 हॉर्टिकल्चर प्रोसेसिंग प्लांट हैं, जबकि खाद्य तेल कारोबार में वह 16 सहयोगी प्लांट्स के जरिए काम करती है।
अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम
इससे पहले अमूल ने दूध कीमतें बढ़ाने की घोषणा की थी। नई कीमतों के बाद अमूल गोल्ड (Amul Gold) दूध अब 68 रुपये की जगह 70 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। अमूल बफलो मिल्क (Amul Buffalo Milk) की कीमत 74 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि अमूल काउ मिल्क (Amul Cow Milk) अब 58 रुपये की बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं अमूल स्लिम एंड ट्रिम (Amul Slim & Trim) दूध की कीमत 50 रुपये से बढ़कर 52 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसके अलावा दूसरे वैरिएंट्स के दामों में भी इसी तरह बढ़ोतरी की गई है। अमूल ताजा (Amul Taaza) का 1 लीटर पैक अब 55 रुपये की जगह 57 रुपये में मिलेगा। वहीं बफले मिल्क (Buffalo Milk) का 500 ML पैक 38 रुपये से बढ़कर 39 रुपये और काउ मिल्क (Cow Milk) का 500 ML पैक 29 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये कर दिया गया है।