नई दिल्ली। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना पर पूर्व राज्यसभा सांसद व शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को ‘नरक’ बताने वाले बयान पर जबरदस्त पलटवार किया है। शिवसेना नेता ने इस फायरिंग की घटना के बाद अमेरिका को गन हिंसा के मामले में नरक बताया है। साथ ही यूएस में बढ़ती बंदूक हिंसा पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा, अमेरिका में गन हिंसा ने स्कूल के बच्चों, निर्दोष नागरिकों और महत्वपूर्ण राजनीतिक नेताओं की जान ली है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रविवार को पोस्ट कर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर कार्यक्रम में भयानक दृश्क, गोलियों की आवाज के वीडियो सामने आए हैं। उन्होंने कहा, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। प्रियंका ने कहा, यह दुनिया इतनी तेजी से बदल रही है कि इसे समझना मुश्किल है।
बंदूक हिंसा पर जताई चिंता
इस पोस्ट के बाद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक और पोस्ट की। जिसमें उन्होंने अमेरिकी बढ़ती बंदूक हिंसा पर चिंता जताई। इसके साथ-साथ हाल में डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय प्रवासियों और भारत को निशाना बनाकर दिए गए ‘नरक’ वाले बयान पर अमेरिका को खूब लताड़ा। उन्होंने कहा, बंदूक हिंसा से निपटने के मामले में अमेरिका नरक जैसा बन गया है।। उन्होंने बंदूक हिंसा को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि गन हिंसा ने स्कूल के बच्चों, निर्दोष नागरिकों और महत्वपूर्ण राजनीतिक नेताओं की जान ली है।
ट्रंप के ‘नरक’ बयान पर प्रियंका का जबरदस्त पलटवार
शिवसेना सांसद ने पोस्ट में लिखा, ‘अमेरिका में बंदूकों की समस्या गंभीर है, जिस पर हर साल बंदूक से जुड़ी घटना के बाद चर्चा होती है। उन्होंने आगे कहा, इस समस्या से निपटने के मामले में यह देश एक ‘नरक’ जैसा है। गन हिंसा ने इसने स्कूली बच्चों, निर्दोष अमेरिकियों की जान ली है और महत्वपूर्ण राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाया है।’
प्रियंका चतुर्वेदी ने इस मुद्दे पर तुरंत ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि अब समय आ गया है कि इस समस्या का प्रभावी समाधान किया जाए।
क्या है मामला?
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई। यह कार्यक्रम वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित किया गया था, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
जैसे ही गोली चलने की आवाज सुनाई दी, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और राष्ट्रपति ट्रंप समेत सभी शीर्ष अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हमलावर के पास हथियार मौजूद थे और वह अकेले ही इस घटना को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। मामले की जांच जारी है।
इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की तेज और बहादुर कार्रवाई की सराहना की। ट्रंप ने लिखा कि आज की शाम काफी हलचल भरी रही, लेकिन हमारे सुरक्षाकर्मियों ने शानदार काम किया। शूटर को पकड़ लिया गया है।
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इस हमले के पीछे क्या मकसद था।