नई दिल्ली। चार यूरोपीय देशों के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यात्रा के पहले चरण में देर रात नीदरलैंड पहुंचे। पीएम मोदी यहां के राजा विलियम और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे। नीदरलैंड के एम्सटर्डम में गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत किया गया। उन्होंने भारतीय प्रवासियों से भी संक्षिप्त मुलाकात की। पीएम मोदी इस दौरे पर क्या कुछ करने वाले हैं? वे किन प्रमुख कार्यक्रमों में शरीक होंगे?
आज का भारत बड़े सपने देखना चाहता है- पीएम मोदी
नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत बड़े सपने देखना चाहता है। इसकी आकांक्षाएं असीमित हैं और इसलिए यह स्टार्टअप इकोसिस्टम में योगदान देना चाहता है।
’13 साल पहले भारत में घटी थी विशेष घटना’
हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने 2014 के लोकसभा फैसले की सराहना की, जब उनके नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पहली बार सत्ता संभाली थी। 16 मई को घोषित जनादेश को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘तेरह साल पहले, इसी दिन भारत में एक विशेष घटना घटी थी। एक मजबूत और शक्तिशाली सरकार सत्ता में आई और एक कमजोर सरकार का शासन समाप्त हुआ। तब से देश का विकास हुआ है, इसलिए यह एक विशेष दिन है।’
पीएम मोदी ने भारत और भारतीयों की भावना की सराहना की
नीदरलैंड के हेग में रहने वाले भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और भारतीयों की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट का रंग, पता या समय क्षेत्र बदल सकता है, लेकिन भारतीयता नहीं बदल सकती। उन्होंने भारतीय समुदाय द्वारा उनके प्रति दिखाए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी आभार व्यक्त किया।
आप पर हर भारतवासी को गर्व है- पीएम मोदी
प्रवासी भारतीय से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा – आप नीदरलैंड के समाज और यहां की इकोनॉमी में जो योगदान कर रहे हैं उस पर हर भारतवासी को गर्व है। मैं आज इस अवसर पर नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूं।
नीदरलैंड सरकार प्रवासी भारतीयों की बहुत प्रशंसा करती है
भारतीयों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब भी मैं नीदरलैंड की सरकार से बात करता हूं तो वो प्रवासी भारतीयों की बहुत प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा कि मैं नीदरलैड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। पीएम ने कहा, समय के साथ कई देशों की संस्कृति खत्म हो गई लेकिन भारत की संस्कृति कभी नहीं बदली। उन्होंने कहा, यहां आकर मैं भारत जैसा ही महसूस कर रहा हूं। नीदरलैंड, भारत की दोस्ती का प्रतीक है।
‘हेग सिटी ऑफ पीस के नाम से मशहूर है’
नीदरलैंड के हेग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत कर रहे हैं। सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘इतना प्यार और उत्साह देखकर मैं एक पल के लिए भूल ही गया कि मैं नीदरलैंड में हूं, और ऐसा लगा जैसे मैं भारत में ही किसी उत्सव में भाग ले रहा हूं… ऐसा लगता है कि हेग भारतीय मित्रता का जीवंत प्रतीक बन गया है’।