Home » देश » आतंकवाद के खिलाफ जंग से एक्सपोर्ट बढ़ाने तक, भारत और वियतनाम में ये 13 डील, पीएम मोदी ने जताया आभार

आतंकवाद के खिलाफ जंग से एक्सपोर्ट बढ़ाने तक, भारत और वियतनाम में ये 13 डील, पीएम मोदी ने जताया आभार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुई बर्बर आतंकी हमले की निंदा करने और विषम स्थिति में भारत का साथ देने के लिए वियतनाम का आभार जताया। राष्ट्रीय राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में बुधवार. . .

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुई बर्बर आतंकी हमले की निंदा करने और विषम स्थिति में भारत का साथ देने के लिए वियतनाम का आभार जताया। राष्ट्रीय राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में बुधवार को एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने इन भावनाओं को अहम बताया। सुशासन, विरासत, विकास और साझा सांस्कृतिक मूल्यों को द्विपक्षीय संबंधों का आधार बताया।

राष्ट्रपति तो लाम ने भारत यात्रा की शुरुआत बोधगया से की

पीएम ने कहा, “तो लाम ने भारत यात्रा की शुरुआत बोधगया से की है। यह हमारे दोनों देशों की साझा सभ्यतागत और आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाता है। उनकी इस यात्रा और हमारी सार्थक चर्चाओं से, हम आपसी सद्बाव के जरिए कई ठोस परिणामों में बदल रहे हैं।”

दोनों देशों के बीच संबंध हुए मजबूत

संयुक्त वार्ता में प्रधानमंत्री ने सभ्यतागत संबंधों और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नए मुकाम तक ले जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “एक दशक पहले, मेरी वियतनाम यात्रा के दौरान, वियतनाम आसियान में भारत का पहला कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनर बना था। तब से, हमारे संबंधों ने तेज और व्यापक प्रगति की है। सभ्यतागत संबंधों के साथ-साथ, हमारे ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म संबंध भी और मजबूत हुए हैं।”

पीएम मोदी ने कहा कि इन संबंधों को नया आकार देने के लिए हम समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि इस मजबूत नींव पर आगे बढ़ते हुए, आज हम अपने संबंधों को एन्हांस्ड कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के स्तर पर ले जा रहे हैं। अब हम अपनी साझेदारी को और ऊंचे लक्ष्यों की ओर अग्रसर करेंगे। कल्चर, कनेक्टिविटी और कैपेसिटी बिल्डिंग के साथ-साथ, सिक्योरिटी, सस्टेनेबिलिटी और सप्लाई चेन रेसिलिएंस – हर क्षेत्र में हमारा सहयोग नए स्तर पर पहुंचेगा।

पीएम मोदी ने वियतनाम की सरकार का आभार जताते हुए कहा

आतंकवाद के विरुद्ध भारत का साथ देने के लिए पीएम मोदी ने वियतनाम की सरकार का आभार जताते हुए कहा, “पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने और आतंकवाद के विरुद्ध हमारे संघर्ष में साथ खड़े रहने के लिए हम वियतनाम के आभारी हैं। वैश्विक उथल-पुथल और आर्थिक चुनौतियों के इस दौर में, अपनी प्रतिभा, सुशासन और आर्थिक सुधार के बल पर, भारत और वियतनाम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहे हैं। अब हमारी इन्हांस्ड स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप के माध्यम से, हम एक-दूसरे की रैपिड ग्रोथ के सहायक बनेंगे।”

महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं का संदर्भ लेते हुए पीएम मोदी ने कहा

प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा बुद्ध की शिक्षाओं का संदर्भ लेते हुए आगे कहा कि जैसा कि बुद्ध की शिक्षाओं की भावना है कि “यदि आप किसी और के लिए दीप जलाते हैं, तो वह आपके अपने मार्ग को भी प्रकाशमान करता है।” इसी भावना के साथ, हम एक-दूसरे के विजन और गोल्स (लक्ष्यों) को सपोर्ट करते हुए, विकसित राष्ट्र बनने की अपनी आकांक्षाओं को मिलकर साकार करेंगे। हम साथ चलेंगे, साथ बढ़ेंगे, और साथ जीतेंगे।

इन 13 MoU किए गए हस्ताक्षर

IREL (इंडिया) लिमिटेड और वियतनाम के इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नोलॉजी ऑफ रेडियोएक्टिव एंड रेयर एलिमेंट्स (ITRRE) के बीच आपसी सहयोग।
भारत के संस्कृति मंत्रालय और वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्रालय के बीच 2026-30 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और वियतनाम के स्टेट बैंक (SBV) के बीच भुगतान प्रणालियों और डिजिटल भुगतान में नवाचार के क्षेत्र में सहयोग।
भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) और वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत औषधि प्रशासन (DAV) के बीच चिकित्सा उत्पाद विनियमन के क्षेत्र में सहयोग।
मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम और हो ची मिन्ह सिटी पीपल्स कमेटी के बीच मित्रता और सहयोग की स्थापना पर MoU।
ICCR और यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड एजुकेशन-द दा नांग यूनिवर्सिटी के बीच ‘ICCR चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज’ की स्थापना।
राजगीर के नालंदा विश्वविद्यालय और हनोई स्थित हो ची मिन्ह नेशनल एकेडमी ऑफ पॉलिटिक्स (HCMA) के बीच MoU।
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वियतनाम के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग।
NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) और वियतनाम के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन (NAPAS) के बीच MoU।
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) कार्यालय और वियतनाम के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की लेखा परीक्षा के क्षेत्र में MoU।
भारत के पर्यटन मंत्रालय और वियतनाम के खेल, संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग पर MoU।
ICCR और यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच ‘ICCR चेयर ऑफ इंडियन स्टडीज’ की स्थापना पर MoU।
संस्कृति मंत्रालय के ‘ज्ञान भारतम’ और वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी, हो ची मिन्ह सिटी (USSH, VNUHCM) के तहत यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच ‘चाम पांडुलिपियों’ के डिजिटलीकरण पर MoU।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम