डेस्क। मशहूर कहावत है कि ‘दूसरा मौका सिर्फ कहानियां देती हैं, जिंदगी नहीं’, लेकिन बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने इस कहावत को सिरे से खारिज कर दिया है। दो नाकाम शादियों के बाद, आमिर ने अपनी जिंदगी को एक नया मोड़ दिया है। 61 की उम्र में आमिर अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट से शादी के बंधन में बंध रहे हैं।
यह एक सादगी भरी रजिस्टर्ड मैरिज होगी, जिसमें परिवार के अलावा कुछ बेहद करीबी दोस्त शामिल होंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस नए सफर की शुरुआत में आमिर की पूर्व पत्नियां—रीना दत्ता और किरण राव—भी उन्हें आशीर्वाद देने पहुंच सकती हैं।
- रीना दत्ता: 10 रुपये का खर्च और ‘फिल्मी’ बगावत
आमिर खान जब महज 20 साल के थे, तब उनका दिल पड़ोस में रहने वाली रीना दत्ता पर आ गया। उस वक्त आमिर ने बॉलीवुड में कदम भी नहीं रखा था। घरवालों से छिपकर मिलना और पकड़े जाने पर गुस्सा झेलना—आमिर ने प्यार की हर कसौटी को पार किया।
पॉकेट फ्रेंडली शादी : आमिर ने किसी बड़े तामझाम के बिना, दुनिया की नजरों से छिपकर कोर्ट मैरिज की, जिसमें कुल 10 रुपये का खर्च आया था।
शादी के बाद भी दोनों समाज के डर से अपने-अपने घरों में रहे। वक्त बदला, दोनों के रिश्ते को मंजूरी मिली और उनके दो बच्चे—आयरा और जुनैद हुए। लेकिन 15 साल बाद यह खूबसूरत रिश्ता टूट गया। इस सदमे से आमिर इस कदर टूटे कि उन्होंने खुद को शराब में डुबो लिया, लेकिन उन्होंने कभी अपनी पहली पत्नी के सम्मान पर आंच नहीं आने दी।
- किरण राव: न कोई डेट, न कोई प्लानिंग… बस एक कॉल और शादी!
रीना से अलग होने के बाद आमिर की जिंदगी में किरण राव की एंट्री हुई, जो उनकी फिल्म की असिस्टेंट डायरेक्टर थीं। इस कहानी में न तो कोई फैंसी डेट्स थीं और न ही कोई बड़ा प्रपोज़ल।
शुरुआत : दोनों के बीच सिलसिला महज़ आधे घंटे के एक फोन कॉल से शुरू हुआ।
अंजाम : ‘चट मंगनी, पट ब्याह’ की तर्ज पर दोनों ने शादी कर ली।
इस शादी से उनके घर बेटे आजाद का जन्म हुआ। साल 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से अपनी राहें जुदा कर लीं, लेकिन आज भी उनके बीच की दोस्ती और सम्मान बरकरार है।
- गौरी स्प्रैट: 61 की उम्र में मोहब्बत का नया चैप्टर
अब आमिर खान अपनी जिंदगी की तीसरी और नई पारी खेलने के लिए तैयार हैं। गौरी स्प्रैट भी तलाकशुदा हैं और पिछली शादी से उनका एक बेटा है। आमिर का यह कदम साबित करता है कि प्यार और जिंदगी की नई शुरुआत करने की कोई उम्र नहीं होती।