काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब Turkish Airlines के एक विमान के टायर में लैंडिंग के दौरान आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फ्लाइट टीके-726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी
जानकारी के मुताबिक तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट टीके-726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी। एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के दाहिने लैंडिंग गियर के टायर में अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर तैनात फायर इंजन और सुरक्षा दल सक्रिय हो गए। एयरपोर्ट सुरक्षा के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे
अधिकारियों के अनुसार विमान में कुल 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा कारणों से सभी यात्रियों को विमान के इमरजेंसी गेट के जरिए बाहर निकाला गया। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई।
लैंडिंग गियर से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दिया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विमान के लैंडिंग गियर से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई। हालांकि अब तक किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन कंपनी की ओर से घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। तकनीकी टीम विमान की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर टायर में आग कैसे लगी।