प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज जिले में एक बार फिर सामूहिक हत्याकांड की घटना ने सनसनी फैला दी है। यमुनानगर के मेजा थाना इलाके के कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की देर रात नृशंस हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह जब घटना का पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात सोमवार देर रात करीब 1 बजकर 30 मिनट के आसपास हुई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं, जो एक ही परिवार के थे। प्रथम दृष्टया, बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया और फिर पीट-पीट कर हत्या की। घटनास्थल की स्थिति से पता चला कि पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा गया था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रयागराज पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन पुलिस की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और गहन छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों बुजुर्गों की सोते वक्त हत्या की गई। मृतकों की पहचान अमरावती देवी पत्नी नींबूलाल (65), इंद्रावती देवी पत्नी दूधनाथ (62) और श्याम लाल पुत्र गुलजार (65) के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों के शव उनके घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर मिले हैं। इस भयावह घटना ने कुकुरकटवा गांव को झकझोर कर रख दिया है।
परिवार का आरोप और धमकी
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। मृतकों के परिजनों ने पुलिस को अहम जानकारी दी है। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। यह धमकी किसी पुरानी रंजिश के चलते दी गई थी। पुलिस अब इस पहलू पर गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद है। घटनास्थल पर पहुंचे प्रयागराज एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा ने स्थिति का जायजा लिया और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर मौजूद रहकर सबूत जुटाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।