कोलकाता। कोलकाता में आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने हॉकर्स (फेरीवालों) के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य में अक्टूबर महीने तक किसी भी जगह हॉकर्स को हटाने की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री का आश्वासन: त्योहार तक कोई बेदखली नहीं
हॉकर्स जॉइंट एक्शन कमेटी के राज्य अध्यक्ष असित साहा ने नबन्ना में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक के बाद जानकारी दी कि त्योहारों के मौसम तक किसी भी हॉकर्स को नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि मानविक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए दुर्गापूजा सीजन खत्म होने तक राज्य में कहीं भी हॉकर्स की बेदखली नहीं होगी।
रेलवे क्षेत्र के हॉकर्स पर भी चर्चा
रेलवे क्षेत्र में हॉकर्स की हटाने की कार्रवाई केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि वे रेलवे प्रशासन से भी इस मुद्दे पर बातचीत करें।
पुनर्वास और नई नीति पर बैठक जल्द
हॉकर्स के पुनर्वास और भविष्य की नीति तय करने के लिए अगले सप्ताह शहरी विकास विभाग के सचिव के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इसमें हॉकर्स के पहचान पत्र और उनके व्यवसाय से जुड़े भविष्य के नियमों पर चर्चा की जाएगी।
हॉकर्स को मिली बड़ी राहत
पिछले कुछ महीनों से राज्य के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और बाजार क्षेत्रों में हॉकर्स को हटाने की कार्रवाई चल रही थी, जिससे कई लोग प्रभावित हुए थे। अब इस फैसले के बाद लाखों हॉकर्स परिवारों ने राहत की सांस ली है।