नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल (2027) की शुरुआत में भारत के बड़े दौरे पर आ सकते हैं। इस बात का संकेत खुद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने दिया है। वाशिंगटन डीसी में न्यूज़ एजेंसी IANS से बातचीत करते हुए रूबियो ने भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों की तारीफ की और कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच की ‘केमिस्ट्री’ बेहद शानदार है। राष्ट्रपति ट्रंप की इस प्रस्तावित यात्रा की रूपरेखा तैयार करने के लिए विदेश मंत्री रूबियो खुद इस साल के अंत तक भारत का दौरा कर सकते हैं।
2020 के बाद ट्रंप की पहली भारत यात्रा
अगर यह दौरा तय समय पर होता है, तो फरवरी 2020 के बाद डोनाल्ड ट्रंप की यह पहली भारत यात्रा होगी। साथ ही, दूसरे कार्यकाल के लिए व्हाइट हाउस में वापसी के बाद भी यह उनका पहला भारतीय दौरा होगा। आपको बता दें कि हाल ही में फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के इतर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच द्विपक्षीय मुलाकात हुई थी, जो बीते 16 महीनों में दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की बैठक थी।
व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की तैयारी
अमेरिकी विदेश मंत्री ने संकेत दिए हैं कि नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में है। रूबियो ने कहा: “दोनों देशों के बीच व्यापारिक बातचीत बहुत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।” “हम इस व्यापार समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं, हम इसके आखिरी पड़ाव पर हैं।” “राष्ट्रपति ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री के बीच के निजी संबंध कूटनीति के लिहाज से बेहद अहम और मजबूत हैं।”
‘पीएम मोदी ने भारत को बनाया वैश्विक शक्ति’
मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर तारीफ की। खुद को पीएम मोदी का ‘प्रशंसक’ बताते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत का कद बहुत ऊंचा किया है और आज भारत को एक बड़ी वैश्विक शक्तिके रूप में स्थापित कर दिया है। इसके साथ ही, दोनों देश ‘क्वाड’ समूह की अगली बैठक की तैयारियों में भी जुटे हैं, जिससे रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।