गंगटोक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय सिक्किम दौरे को लेकर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राज्यवासियों को पूरा आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अगर मौसम के कारण हेलीकॉप्टर से लैंडिंग संभव नहीं हुई तो प्रधानमंत्री सड़क मार्ग (नेशनल हाईवे 10) से सिक्किम पहुंचेंगे।
हेलीकॉप्टर न हुआ तो सड़क से आएंगे PM मोदी
मुख्यमंत्री तमांग ने सोमवार को राजधानी गंगटोक में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए इंतजार कर रहे हजारों लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने लोगों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, “अगर प्रधानमंत्री सड़क के रास्ते आएंगे तो शाम 6:30 बजे तक गंगटोक पहुंच जाएंगे।”
पीएम मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे लिविंग स्थित आर्मी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरने का है। लेकिन मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अगर हेलीकॉप्टर नहीं आ पाते तो वे सड़क मार्ग से आएंगे। उल्लेखनीय है कि यदि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से सिक्किम आते हैं तो वे सड़क से सिक्किम पहुंचने वाले पहले प्रधानमंत्री बन जाएंगे।
लोगों में उत्साह, CM ने बढ़ाया हौसला
पूरे राज्य से लोग प्रधानमंत्री के स्वागत में गंगटोक पहुंचे हुए हैं। सुबह से लाइन में इंतजार कर रहे लोगों से मुख्यमंत्री तमांग ने खुद मिलकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री के आने तक उत्साह और अनुशासन के साथ इंतजार करें।
पिछले साल भी मौसम ने रोका था
गौरतलब है कि पिछले साल भी खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मोदी सिक्किम नहीं पहुंच पाए थे। इस बार मुख्यमंत्री तमांग ने वैकल्पिक व्यवस्था बताकर लोगों को आश्वस्त किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 10 सिक्किम को बाकी देश से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है, जो उत्तरी बंगाल से होकर सिक्किम तक जाती है। लोगों में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह है और पूरा सिक्किम उनके स्वागत के लिए तैयार बैठा है।