डेस्क। आज 19वें रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिए हैं। यह कार्यक्रम देश के 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। चयनित उम्मीदवारों को रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों में नियुक्ति मिली है, जिससे वे अब सरकारी सेवाओं में अपने नए कार्य की शुरुआत करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अभी 2 दिन पहले ही 5 देशों की यात्रा करके लौटे हैं। इस दौरान उनकी कई बड़ी कंपनियों के नेताओं से बातचीत हुई। उन्होंने महसूस किया कि पूरी दुनिया भारत के प्रभाव और तकनीकी प्रगति को लेकर बहुत उत्साहित है। आज दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। भारत भी दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ पार्टनरशिप कर रहा है, जिसका उद्देश्य यही है कि भारत के युवाओं को अवसर मिले, रोजगार मिले, उनका सामर्थ्य विकसित हो और साथ ही मैं चाहता हूं कि मेरे देश के नौजवानों को ग्लोबल एक्सपोजर भी मिले।
AI से लेकर ग्रीन टेक्नोलॉजी तक-भारत की प्रगति को मिली नई रफ्तार
इस यात्रा के दौरान नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर, जल (वाटर), कृषि और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में चर्चा हुई। स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इनोवेशन पर सहयोग को लेकर कई अहम बातें हुईं। वहीं नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री (मैरीटाइम) सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी, जबकि UAE के साथ रणनीतिक ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी पर विस्तार से बातचीत हुई।
इटली के साथ रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, विज्ञान और तकनीक जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी के समझौते हुए। इन सभी समझौतों का लाभ भारत के युवाओं को मिलने वाला है। ये सभी विषय एक उज्ज्वल, सक्षम और मजबूत भारत के भविष्य की गारंटी लेकर आते हैं।