सुलतानपुर में रविवार सुबह हुआ हादसा, शहीद का शव लखनऊ से गाजीपुर ले जाया जा रहा था
सुलतानपुर। सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला के पास करीब 8:30 बजे एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उस समय एंबुलेंस में सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लखनऊ से गाजीपुर ले जाया जा रहा था। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से बातचीत कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी एंबुलेंस, केबिन पिचका
पुलिस के मुताबिक, हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 79.6 किलोमीटर के पास हुआ। एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का केबिन पिचक गया और चालक का शव स्टेयरिंग में फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।
पंचकुला में शहीद हुए थे सूबेदार मेजर सत्यवान, परिजन ला रहे थे पार्थिव शरीर
पुलिस ने बताया कि देवरिया के रुद्रपुर निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकुला में शहीद हुए थे। उनके परिजन शव लेने पंचकुला गए थे और शनिवार देर रात एंबुलेंस से पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे। हादसे के बाद शहीद का पार्थिव शरीर हलियापुर थाने में सम्मान के साथ सुरक्षित रखवाया गया।
गैस कटर से काटकर निकाला गया चालक का शव
हादसे में एंबुलेंस के आगे बैठे लोगों और चालक को गंभीर चोटें आईं। चालक जसपाल का शव अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया था, जिसे राहत टीम ने गैस कटर से एंबुलेंस का अगला हिस्सा काटकर बाहर निकाला। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी है।
चालक को नींद की झपकी आने से हादसे की आशंका
पुलिस की अब तक की जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना मानी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस की रफ्तार तेज थी और वह अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, परिजनों को हर संभव मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना की।