सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद राज्यभर में कथित सिंडिकेट राज के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक लगातार मुखर हो रहे हैं। लंबे समय से आम लोगों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में सिंडिकेट की मनमानी, अतिरिक्त वसूली और आम जनता को परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी के विरोध में बीजेपी ने राज्यभर में सिंडिकेट बंद कराने की मुहिम शुरू की है।
सिलीगुड़ी स्थित दार्जिलिंग मोड़ के पास टैक्सी स्टैंडपर एक्शन
इसी क्रम में सोमवार को उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित दार्जिलिंग मोड़ के पास टैक्सी स्टैंड इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे और वहां चल रही कथित सिंडिकेट गतिविधियों को बंद कराने के लिए कदम उठाया। आरोप है कि लंबे समय से इस इलाके में यात्रियों से अतिरिक्त किराया वसूला जा रहा था, टिकट व्यवस्था में अनियमितता थी और आम लोगों को विभिन्न तरीकों से परेशान किया जा रहा था।
सिंडिकेट गतिविधियों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि नई सरकार बनने के बाद राज्य में पारदर्शी प्रशासन स्थापित करने के उद्देश्य से इस तरह की सिंडिकेट गतिविधियों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका दावा है कि दार्जिलिंग मोड़ जैसे महत्वपूर्ण इलाके के टैक्सी स्टैंड में लंबे समय से सिंडिकेट सक्रिय था, जिसे बंद कराने के लिए उन्होंने सीधे हस्तक्षेप किया।
घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद था। बीजेपी नेताओं के अनुसार पुलिस की मौजूदगी में यह पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी जारी रहेगा अभियान
पार्टी नेताओं ने कहा कि आम लोगों के हित और भ्रष्टाचारमुक्त सेवा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है, जो आने वाले दिनों में राज्य के अन्य हिस्सों में भी जारी रहेगा। इस घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा और हलचल देखी गई। वहीं, स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने बीजेपी की इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि यदि सिंडिकेट व्यवस्था बंद होती है तो आम जनता की परेशानियां काफी हद तक कम हो सकती हैं।