रानाघाट। रानाघाट के सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा कि आम लोगों की भारी मांग को देखते हुए राज्य में चल रहे जनकल्याण शिविरों की अवधि एक दिन और बढ़ा दी गई है। अब ये शिविर कल भी जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। सांसद ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्य नियमित रूप से चलते रहेंगे। यदि किसी कारणवश सरकारी अवकाश भी रहता है, तब भी बीडीओ कार्यालयों में आवश्यक कार्य जारी रहेगा।
‘आयुष्मान भारत’, ‘अन्नपूर्णा योजना’ तथा ‘जॉब कार्ड’ के लिए ज्यादा भीड़
उन्होंने बताया कि शिविरों में लोगों की भारी भीड़ और लंबी कतारें मुख्य रूप से ‘आयुष्मान भारत’, ‘अन्नपूर्णा योजना’ तथा ‘जॉब कार्ड’ जैसी सरकारी योजनाओं के प्रति बढ़ती मांग का परिणाम हैं। शिविरों के अलावा घर-घर जाकर भी दस्तावेजों में सुधार और अन्य सेवाएं प्रदान करने का कार्य जारी रहेगा।
विष्य में ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह शुरू होंगी
ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल ऐप से जुड़ी समस्याओं तथा विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि फिलहाल कुछ कार्य ऑफलाइन माध्यम से किए जा रहे हैं। भविष्य में ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह शुरू होने पर इन कार्यों को सिस्टम में दर्ज किया जाएगा। कुछ ऐप संबंधी तकनीकी कार्य अभी शेष होने के कारण कुछ योजनाओं की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है।
मनरेगा के तहत जॉब कार्ड पंजीकरण को लेकर उन्होंने कहा कि वर्तमान में इसकी मांग भी काफी अधिक है। जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।