कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बुधवार यानी आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। बंगाल की जनता मतदान कर 1,448 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेगी। राज्य में एक तरफ ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर भाजपा ने पहली बार कमल खिलाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
पीएम मोदी ने मतदाताओं से की रिकॉर्ड मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। पीएम ने कहा कि भारी मतदान से हमारा लोकतंत्र और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने विशेष रूप से बंगाल की महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की है।
‘बुआ भतीजे की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बंद हो जाएगी’
पुरसुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बिमान घोष ने कहा, ‘मैं वोटर्स से अपील करता हूं कि वे सुबह बाहर आएं और वोट दें। यह एक त्योहार है। वोट करें और बंगाल को बदलें। असली बदलाव अब आएगा। इस बार, वह रिकॉर्ड (पहले फेज में) टूटेगा। उम्मीद है वोटिंग शांतिपूर्ण होगी। हम ज़्यादा सीटें जीतेंगे और सत्ता में आएंगे। बंगाल बदलेगा… बुआ-भतीजे की TMC प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बंद हो जाएगी। इसके वर्कर्स को दूसरी कंपनियां ढूंढनी पड़ेंगी… लोगों से मैं कहना चाहूंगा – पहले मतदान, फिर जलपान।’ चुनाव प्रचार के दौरान TMC सांसद मिताली बाग की कार पर कथित हमले पर उन्होंने कहा, ‘यह मिताली बाग का किया हुआ ड्रामा था। क्या जनता यह सब नहीं समझती? क्या रोने से उनका केस चलेगा? नहीं। सांसद एक ज़िम्मेदार पद है। उन्हें यह सोचना चाहिए था। वे खत्म हो जाएंगे।’
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने किया मतदान
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने नादिया के बूथ नंबर 120 पर करीमपुर गर्ल्स हाई स्कूल में मतदान किया। मतदान को बाद महुआ मोइत्रा ने कहा, ‘हम लोकतंत्र को बचाने के लिए हैं। 27 लाख वोटों को काटा गया है। जिनके नाम वोटर लिस्ट में रह गए हैं, वे सभी 100% वोट देने आएंगे। यह कारण है कि मत प्रतिशत बहुत ज्यादा है। लोग प्रतिशोध के लिए वोट दे रहे हैं। पिछले 5 महीनों से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग लोगों के साथ मजाक कर रहा है। हमने पहले फेज में जो काम शुरू किया था वह दूसरे फेज में पूरा हो रहा है।’
अर्जुन सिंह बोले- बदलाव के लिए वोट किया
कोलकाता की नोआपाड़ा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा कि उन्होंने बदलाव और राज्य में भाजपा सरकार बनाने के लिए वोट किया।
भाजपा उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता ने वोट किया
पश्चिम बंगाल की रासबिहारी सीट से उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता ने लाइन में लगकर वोट किया।
भाजपा उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने किया मतदान
कोलकाता की पानीहाटी सीट से भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने मतदान किया।
बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने किया मतदान
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। दिनेश त्रिवेदी ने कहा, ‘यह लोकतंत्र का त्योहार है। यह हमारी धरोहर है… मैं चुनाव आयोग और सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। वे सभी कई महीनों से मेहनत कर रहे हैं… चुनाव आयोग कानूनी तौर पर ही सब चीजे करता है।’