मुंबई । मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बीच शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द में हुआ, जहां एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की जान चली गई। वहीं, कुर्ला में पेड़ गिरने और नवी मुंबई में इमारत की ग्रिल गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो अन्य लोगों की मौत हो गई।
मानखुर्द में तीन मंजिला चॉल ढही, छह लोगों की मौत
रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के मंडाला इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की चॉल नंबर-5 का एक हिस्सा भारी बारिश के दौरान भरभराकर ढह गया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में अभी भी एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। बचाव अभियान के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दमकल विभाग और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मुताबिक, चार महिलाओं और एक पुरुष को शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य व्यक्ति की राजावाड़ी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
फुटपाथ पर गिरी इमारत की ग्रिल, युवक की मौत
नवी मुंबई में रविवार शाम करीब 6:30 बजे एक इमारत की दीवार से जुड़ी लोहे की ग्रिल अचानक फुटपाथ पर गिर गई। उसकी चपेट में आने से वहां से गुजर रहे एक युवक की मौत हो गई। नवी मुंबई नगर निगम के सहायक आयुक्त सहदेव येडवे ने बताया कि संबंधित इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए वर्ष 2025 में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन भवन मालिक ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
कुर्ला में पेड़ गिरने से गई एक और जान
भारी बारिश के दौरान कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में एक दुकान पर विशाल पेड़ गिर गया। इस हादसे में 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। उन्हें मलबे से निकालकर फौजिया अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक हफ्ते में पेड़ गिरने की तीसरी बड़ी घटना
मुंबई में पिछले एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने की यह तीसरी बड़ी घटना है। शनिवार को गोरेगांव पूर्व के आरे कॉलोनी इलाके में बाइक सवार 18 वर्षीय युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हो गई थी। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हुए थे।
बारिश से मुंबई बेहाल, उड़ानें भी प्रभावित
रविवार सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 72 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। शाम होते-होते बारिश की तीव्रता और बढ़ गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। भारी बारिश और कम दृश्यता के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक उड़ानों का संचालन रोकना पड़ा। मुंबई में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने और जर्जर इमारतों तथा पेड़ों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है।