मुंबई। साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री साई पल्लवी इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा हिंदी को लेकर चर्चा में हैं। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ में माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छिड़ गई है। वजह बनी उनकी हालिया हिंदी फिल्म एक दिन, जिसमें उनकी हिंदी और उच्चारण को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसके साथ ही उनकी हालिया रिलीज फिल्म एक दिन भी बुरी तरह से फ्लॉप हो गई है।
हिंदी डेब्यू के बाद बढ़ी चर्चा
साई पल्लवी ने आमिर खान के बेटे जुनैद खान के साथ फिल्म एक दिन से बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि फिल्म को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली। फिल्म की कहानी और अभिनय के साथ-साथ साई की हिंदी भी चर्चा का विषय बन गई।
हिंदी को लेकर उठे सवाल
सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स में कई लोगों ने कहा कि साई पल्लवी की हिंदी में दक्षिण भारतीय लहजा साफ सुनाई देता है। कुछ यूजर्स का मानना है कि सामान्य फिल्मों में ये बड़ी बात नहीं, लेकिन रामायण जैसी पौराणिक फिल्म में संवादों का प्रभाव और शुद्धता बेहद अहम होती है।
मेकर्स डबिंग पर कर रहे विचार?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामायण की टीम फिल्म में भाषा को ज्यादा साफ और प्रभावशाली बनाने के लिए कुछ संवादों की डबिंग पर विचार कर रही है। कहा जा रहा है कि मेकर्स चाहते हैं कि दर्शकों को फिल्म में शुद्ध हिंदी और पौराणिक माहौल का अनुभव मिले।
हालांकि अभी तक फिल्म निर्माताओं या साई पल्लवी की ओर से इस खबर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेजी से फैल गई है। लेकिन अगर ऐसा सच होता है तो मेकर्स को ये फिल्म 4000 करोड़ से भी महंगी लग सकती है।
कास्टिंग पर उठे सवाल
कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब साई पल्लवी हिंदी में सहज नहीं हैं, तो उन्हें माता सीता जैसे महत्वपूर्ण किरदार के लिए क्यों चुना गया। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि इस भूमिका के लिए ऐसी अभिनेत्री को लेना चाहिए था जिसकी हिंदी मजबूत हो।
वहीं दूसरी तरफ बड़ी संख्या में फैंस साई पल्लवी के समर्थन में भी सामने आए। लोगों का कहना है कि भारतीय सिनेमा में डबिंग कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई विदेशी और साउथ इंडियन अभिनेत्रियों की आवाज फिल्मों में डब की जा चुकी है।
खुद साई पल्लवी ने मानी थी हिंदी की कमजोरी
साई पल्लवी पहले भी कई इंटरव्यू में इस बात को कबूल कर चुकी हैं कि हिंदी उनकी मजबूत भाषा नहीं है। उन्होंने ये भी कहा था कि शुरुआत में उन्हें बॉलीवुड में काम करने को लेकर झिझक होती थी। उन्हें लगता था कि शायद वह इस इंडस्ट्री के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं।
एक्ट्रेस ने यहां तक कहा था कि कई बार उन्हें महसूस हुआ कि कुछ किरदारों के लिए कोई नया चेहरा ज्यादा बेहतर हो सकता है। हालांकि अपनी मेहनत और नेचुरल एक्टिंग के दम पर उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई।
‘रामायण’ को लेकर बना हुआ है जबरदस्त बज
नितेश तिवारी की रामायण पिछले साल से लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आने वाले हैं। इससे पहले खबरें थीं कि माता सीता का रोल आलिया भट्ट निभा रही हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।