कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति के लिए आज यानी 9 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। नंदीग्राम और भवानीपुर जैसे हाई-प्रोफाइल मुकाबलों में ममता बनर्जी को मात देने वाले शुभेंदु अधिकारी अब बंगाल की कमान संभालेंगे। कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। बने रहिए हमारे साथ पश्चिम बंगाल की नई सरकार के गठन की पल-पल की अपडेट्स के लिए…
पीएम मोदी भाजपा के सबसे पुराने कार्यकर्ता से मिले
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार का अभिनंदन किया और उनसे आशीर्वाद लिया। 1952 में, भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में मौजूद माखनलाल सरकार को गिरफ्तार कर लिया गया था। 98 वर्ष की आयु में भी श्री माखनलाल सरकार स्वतंत्रताोत्तर भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी स्तर के नेताओं में से एक हैं।
पीएम मोदी और शुभेंदु ने टैगोर को पुष्प अर्पित किए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम बनने जा रहे शुभेंदु अधिकारी ने मंच पर रखी गई गुरुदेव टैगौर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए।
पीएम मोदी मंच पर पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज नेता मंच पर पहुंच चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ एनडीए नेता कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मौजूद हैं