लेबर कॉलोनी में मचा हड़कंप, दो किलोमीटर तक दिखाई दिया धुआं
लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों की लेबर कॉलोनी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा, जो करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना के बाद मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवास बनाया गया था। इसमें करीब 352 मजदूर रह रहे थे। बताया गया कि सुबह एक मजदूर सिलेंडर से खाना बना रहा था, तभी अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया
तीन मंजिला आवास में रह रहे थे करीब 352 मजदूर
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवास बनाया गया था। इस भवन में करीब 352 मजदूर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह एक मजदूर सिलेंडर पर खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भवन के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
समय रहते सभी मजदूरों को निकाला गया बाहर
आग तेजी से फैलने से पहले ही सभी मजदूरों को आवास से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अपना सामान निकालने की कोशिश में निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि भवन का ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर पूरी तरह जल गया, जबकि ऊपरी हिस्से भी आग से प्रभावित हुए हैं।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम के साथ सरोजनीनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग के विकराल रूप लेने से पहले ही सभी मजदूरों को भवन से बाहर निकाल लिया गया। इससे एक बड़े जनहानि के हादसे को टाल दिया गया।