तेज रफ्तार कार ब्रेकडाउन ट्रक से टकराई
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी शामिल थीं। इसमें मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की भी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार की स्थिति बेहद क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस कटर की मदद से उसे काटकर शवों को बाहर निकाला गया। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शव भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इरफान अंसारी ने जताया दुख
झारखंड सरकार में मंत्री इरफान अंसारी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मंत्री दीपिका पांडे सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी के निधन की सूचना बेहद दुखद है। उन्होंने दीपिका पांडे और पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इरफान अंसारी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। उन्होंने इस कठिन घड़ी में दीपिका पांडे सिंह और अन्य मृतकों के शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रक से कैसे टकराई, इसकी जांच की जा रही है।