Home » पश्चिम बंगाल » दिवाली की रात जहरीली धुंध में डूबा कोलकाता ! AQI 437, कांकुड़गाछी में 610 तो सॉल्टलेक में 662 तक पहुंचा प्रदूषण

दिवाली की रात जहरीली धुंध में डूबा कोलकाता ! AQI 437, कांकुड़गाछी में 610 तो सॉल्टलेक में 662 तक पहुंचा प्रदूषण

दिवाली की खुशियां कोलकाता के लिए भारी पड़ गईं। प्रतिबंधों और सरकारी निर्देशों की अनदेखी कर जमकर पटाखे जलाए जाने के कारण शहर की हवा जहरीली हो गई। आधी रात के बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और रात. . .

कोलकाता: दिवाली की खुशियां कोलकाता के लिए भारी पड़ गईं। प्रतिबंधों और सरकारी निर्देशों की अनदेखी कर जमकर पटाखे जलाए जाने के कारण शहर की हवा जहरीली हो गई। आधी रात के बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा और रात 2 बजे तक कोलकाता का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 437 पर पहुंच गया। हवा की गुणवत्ता ‘Hazardous’ यानी बेहद खतरनाक श्रेणी में दर्ज की गई। सबसे चिंताजनक स्थिति उत्तर कोलकाता और विधाननगर के कई इलाकों में देखने को मिली। कई स्थानों पर AQI का स्तर 500 के पार चला गया। कांकुड़गाछी से लेकर मानिकतला और बालीगंज से लेकर सॉल्टलेक तक धुएं की मोटी चादर छाई रही।

रात 2 बजे कोलकाता का AQI 437, हवा में खतरनाक PM 2.5

प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, रात 2 बजे कोलकाता का औसत AQI 437 दर्ज किया गया। हवा में सबसे खतरनाक माने जाने वाले सूक्ष्म कण PM 2.5 की मात्रा 293 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही। वहीं PM 10 का स्तर 354 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, PM 2.5 के बेहद सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए खतरा बढ़ जाता है।

कांकुड़गाछी में AQI 610, सॉल्टलेक के EE ब्लॉक में 662!

प्रदूषण के मामले में उत्तर कोलकाता और विधाननगर के कई इलाकों की स्थिति बेहद गंभीर रही। रात 2 बजे कांकुड़गाछी में AQI 610 तक पहुंच गया। वहीं सॉल्टलेक के EE ब्लॉक में यह आंकड़ा 662 दर्ज किया गया।

कोलकाता के विभिन्न इलाकों में AQI का स्तर इस प्रकार रहा:

उत्तर कोलकाता:

  • कांकुड़गाछी – 610
  • मानिकतला – 538
  • बेनियापुकुर – 528
  • लेबुतला – 491
  • काशीपुर – 490
  • तालतला – 469
  • दक्षिण सिंथी – 419
  • पाइपाड़ा – 359

विधाननगर और सॉल्टलेक:

  • सॉल्टलेक EE ब्लॉक – 662
  • DJ ब्लॉक – 557
  • विधाननगर नगर निगम क्षेत्र – 490

मध्य कोलकाता:

  • फोर्ट विलियम – 484
  • एल्गिन रोड और हेस्टिंग्स – 462
  • मैदान – 461

दक्षिण कोलकाता:

  • चक्रबेड़िया – 478
  • बालीगंज – 474
  • लेक टेरेस – 446
  • भवानीपुर – 432
  • चेतला – 425
  • ढाकुरिया – 397
  • साउथ सिटी – 362

देश के सबसे प्रदूषित शहरों में दिल्ली शीर्ष पर, AQI 1713

कोलकाता में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक रहने के बावजूद शहर देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों की सूची में शामिल नहीं हुआ। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात देश में सबसे अधिक प्रदूषण नई दिल्ली में दर्ज किया गया, जहां AQI 1713 तक पहुंच गया।

देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची इस प्रकार रही:

  1. नई दिल्ली – 1713
  2. इंदौर – 1597
  3. उज्जैन – 1530
  4. रतलाम – 1270
  5. भटिंडा – 1225
  6. फरीदकोट – 1077
  7. लुधियाना – 1062
  8. गाजियाबाद – 1050
  9. लखनऊ – 1028
  10. भोपाल – 1024

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदूषित शहरों की सूची में कोलकाता 72वें स्थान पर रहा।

AQI 400 के पार होना गंभीर खतरे का संकेत, डॉक्टरों ने दी चेतावनी

कोलकाता की जहरीली होती हवा को लेकर डॉक्टरों ने भी गहरी चिंता जताई है। फेफड़ों के विशेषज्ञ डॉ. पार्थसारथी भट्टाचार्य के अनुसार, AQI का 400 के पार पहुंचना सामान्य लोगों के श्वसन तंत्र के लिए भी गंभीर नुकसान का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि अस्थमा, COPD और एलर्जी से पीड़ित लोगों के लिए ऐसी स्थिति विशेष रूप से खतरनाक है। डॉक्टरों की सलाह है कि इस दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर जाना जरूरी हो तो उचित सुरक्षा उपाय अपनाएं। पहले से इनहेलर इस्तेमाल करने वाले मरीज डॉक्टर की सलाह के अनुसार इसका उपयोग करें।

दिवाली की खुशियों के बाद प्रदूषण का संकट, फिर उठे पटाखों पर सवाल

दिवाली के बाद कोलकाता की हवा की बिगड़ी हालत ने एक बार फिर पटाखों के इस्तेमाल और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ घंटों के जश्न के बाद शहर के लोगों को जहरीली हवा में सांस लेने की नौबत आ गई। अब सबसे बड़ी चुनौती प्रदूषण पर नियंत्रण और लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम