पटना। क्या बेटे को मंत्री बनाने के लिए नीतीश कुमार राजी हो गए? क्या निशांत कुमार भी मंत्री बनने के लिए तैयार हैं? खबर है कि देर रात जेडीयू नेताओं ने नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत को मंत्री पद के लिए मना लिया है। बिहार में सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार 7 मई को होना है। पटना के गांधी मैदान में इसकी भव्य तैयारी की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि जेडीयू नेताओं की लंबी मान-मनौव्वल के बाद राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए निशांक कुमार तैयार हो गए हैं। कल गांधी मैदान में भव्य समारोह आयोजित होगा। इन सबके बीच नीतीश कुमार के सरकार आवास पर ललन सिंह और संजय झा समेत तमाम बड़े नेताओं का आनाजाना लगा हुआ है। डिप्टी सीएम विजय चौधरी सुबह से ही नीतीश आवास में डटे हुए हैं।
लंबी मान-मनौव्वल के बाद निशांत ने कर दिया ‘हां’?
दरअसल, निशांत कुमार लंबे समय से किसी भी राजनीतिक पद को स्वीकार करने से इनकार करते रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं और करीबियों ने उन्हें समझाया कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में उनका सरकार में शामिल होना राज्य और पार्टी के भविष्य के लिए अनिवार्य है। उनकी इस कथित सहमति के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की वो इच्छा भी पूरी होती दिख रही है, जिसमें उन्होंने निशांत को साथ काम करने का न्योता दिया था। बिहार में कल कैबिनेट विस्तार है, उससे पहले नए मंत्रियों की लिस्ट पर आज मुहर लगेगी।
कल 27 नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
गांधी मैदान में होने वाले बिहार मंत्रिमंडल शपथ समारोह में केवल निशांत ही नहीं, बल्कि कुल 27 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।
भाजपा: 12 मंत्री पद
जदयू: 11 मंत्री पद (निशांत कुमार समेत)
लोजपा (आर): 2 मंत्री पद
HAM और RLM: 1-1 मंत्री पद
खाली सीटें: भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए फिलहाल 6 सीटें खाली रखी जा सकती हैं।
नीतीश के आवास पर सीनियर नेताओं का जमावड़ा
निशांत कुमार फिलहाल बिहार सद्भावना यात्रा पर हैं, जहां वे बिना किसी तामझाम या ब्रांडिंग के जिलों का दौरा कर रहे हैं। इन सबके बीच 7 सर्कुलर रोड (नीतीश आवास) पर बैठकों का दौर जारी है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह दिल्ली से विशेष तौर पर पटना पहुंच चुके हैं। नीतीश कुमार के आवास पर मंत्रियों की फाइनल लिस्ट पर मुहर लगाने के लिए जदयू के शीर्ष नेताओं की बैठक जारी है। देर शाम तक पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर मंत्रियों की सूची जारी की जा सकती है। सम्राट चौधरी कैबिनेट के इस विस्तार पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।