– बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले थे 66वीं वाहिनी के जवान मंजीत कुमार
– करीब ढाई महीने पहले बड़े भाई के निधन के बाद से मानसिक तनाव में थे जवान
– खनुआ बीओपी पर देर रात हुई घटना, पुलिस और एसएसबी अधिकारियों ने शुरू की जांच
महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर महराजगंज जिले में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक जवान की पहचान मंजीत कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले थे।
खनुआ पोस्ट पर हुई देर रात की घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंजीत कुमार महराजगंज जिले में स्थित एसएसबी की 66वीं वाहिनी की खनुआ बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) पर तैनात थे। देर रात ड्यूटी के दौरान अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर बार्डर पोस्ट पर मौजूद अन्य साथी जवान तुरंत मौके की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मंजीत खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद मृतक जवान के परिजनों को इस अनहोनी की सूचना दे दी है।
भाई की मौत के बाद से थे मानसिक रूप से परेशान
एसएसबी के साथी जवानों ने बताया कि करीब ढाई महीने पहले मंजीत कुमार के बड़े भाई का निधन हो गया था। इस पारिवारिक त्रासदी के बाद से ही वह काफी आहत और मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। वे हाल ही में छुट्टी बिताकर 3 अक्टूबर को ही ड्यूटी पर वापस लौटे थे। साथी जवानों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उनका व्यवहार बदला हुआ था और वे चुपचाप रहने लगे थे तथा बहुत कम बात करते थे।
फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई सर्विस राइफल
एसएसबी अधिकारियों का मानना है कि पारिवारिक दुख और मानसिक तनाव इस चरम कदम की वजह हो सकते हैं, हालांकि अभी तक कोई ठोस या स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना के बाद उच्च अधिकारियों ने पोस्ट पर तैनात अन्य जवानों से भी पूछताछ की है। मंजीत की सर्विस राइफल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी
स्थानीय पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दुखद घटना पर एएसपी सिद्धार्थ ने बताया कि एसएसबी की तरफ से जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस और प्रशासन की टीम हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि बल के जवानों के मानसिक स्वास्थ्य को दुरुस्त रखने के लिए नियमित रूप से काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाते हैं, लेकिन इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पूरी तरह से पता चल सकेगा।