डेस्क। अल्लू अर्जुन की अपकमिंग फिल्म ‘राका’ रिलीज से काफी पहले ही सुर्खियां बटोर रही है। ‘पुष्पा’ और ‘पुष्पा 2’ के बाद अभिनेता की इस साइंस-फिक्शन फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं और यह सन पिक्चर्स के बैनर तले तैयार हो रही है। खास बात यह है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ‘राका’ का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है। फिल्म की टीम ने रियल टाइम में सबसे ज्यादा लोगों के साथ मोशन-कैप्चर करने का रिकॉर्ड बनाया है।
एक साथ 37 कलाकारों का हुआ मोशन-कैप्चर
सन पिक्चर्स की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, ‘राका’ के लिए एक ही समय में 37 कलाकारों का मोशन-कैप्चर किया गया। इसी उपलब्धि के लिए फिल्म को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से आधिकारिक मान्यता मिली। साझा की गई तस्वीरों में अल्लू अर्जुन और एटली गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट हाथ में लिए नजर आए। फिल्म की टीम ने इस उपलब्धि को भारतीय सिनेमा के लिए वैश्विक स्तर पर खास पल बताया। रिपोर्ट के अनुसार, यह रिकॉर्ड फरवरी 2026 में फिल्म की शूटिंग के दौरान बनाया गया था और 15 सितंबर को इसे आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया। इस मौके पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के सीनियर एडजुडिकेटर ने अल्लू अर्जुन और एटली को सर्टिफिकेट प्रदान किया। फिल्म की कास्ट और क्रू भी समारोह में मौजूद रही।
अल्लू अर्जुन ने टीम की उपलब्धि पर जताई खुशी
इस रिकॉर्ड को लेकर अल्लू अर्जुन ने भी अपनी प्रतिक्रिया साझा की। अभिनेता ने इसे अपने लिए बेहद खास पल बताया और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का आधिकारिक मान्यता देने के लिए धन्यवाद किया। अल्लू अर्जुन ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि वह इस उपलब्धि से बेहद विनम्र और उत्साहित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने एटली को भी इस खास मौके के लिए बधाई दी और फिल्म में आगे आने वाली चीजों को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की।
एटली ने बताया बचपन का सपना
फिल्म के निर्देशक एटली ने भी इस उपलब्धि पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि बचपन में वह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के बारे में बड़े आश्चर्य के साथ सुना करते थे और कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उनका नाम भी किसी रिकॉर्ड से जुड़ेगा। एटली के मुताबिक, एक ही शूट में 37 मोशन-कैप्चर एसेट्स को एक साथ इस्तेमाल करने के लिए मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव है। उन्होंने पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि बड़े सपने और सामूहिक मेहनत के जरिए मुश्किल लगने वाली चीजों को भी हासिल किया जा सकता है।
बच्चे से लेकर 70 साल तक के कलाकार हुए शामिल
इस रिकॉर्ड की खासियत सिर्फ कलाकारों की संख्या नहीं थी, बल्कि उनकी उम्र में भी काफी अंतर था। शूटिंग के दौरान चार साल के बच्चे से लेकर 70 साल की उम्र तक के कुल 37 कलाकारों को एक ही कैप्चर वॉल्यूम में रियल टाइम मोशन-कैप्चर किया गया। इतने लोगों की गतिविधियों को एक साथ सटीक तरीके से रिकॉर्ड करना तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था। टीम को यह सुनिश्चित करना था कि सभी कलाकारों की मूवमेंट सही तरीके से ट्रैक हो और शूटिंग के दौरान सिग्नल लॉस या स्पेस से जुड़ी कोई तकनीकी परेशानी न आए।
92 कैमरों और अनरियल इंजन से तैयार हुआ सिस्टम
इस खास सीक्वेंस को फिल्माने के लिए ‘राका’ की विजुअल इफेक्ट्स टीम ने प्रोडक्शन की जरूरतों के मुताबिक एक विशेष मोशन-कैप्चर सिस्टम तैयार किया। इस सेटअप में 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों के साथ अनरियल इंजन का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए रियल टाइम विजुअलाइजेशन, सिंक्रोनाइज्ड विटनेस फीड्स और फेशियल ट्रैकिंग जैसी तकनीकों की मदद से लाइव डेटा को मैनेज किया गया।
कैसी होगी ‘राका’ की स्टारकास्ट?
सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस साइंस-फिक्शन फिल्म में अल्लू अर्जुन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ दीपिका पादुकोण, मृणाल ठाकुर, जाह्नवी कपूर और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं। हालांकि ‘राका’ को सिनेमाघरों में आने में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।