कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें घटना से जुड़े वीडियो में कथित तौर पर देखा गया था. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पांचों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, अभिषेक बनर्जी के कथित हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं, जबकि बीजेपी सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव परिणामों को देखते हुए आपको(अभिषेक बनर्जी) स्थिति को समझ जाना चाहिए था. क्यों आप हीरे बनने के लिए वहां गए?.
अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिलने गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर एक भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और राज्य की राजनीति गरमा गई।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर लगाए आरोप
टीएमसी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस हमले के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया।हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी को चिकित्सा सुविधा मिलने से रोकने की कोशिश की जा रही थी।
उन्होंने कहा, ‘सत्ता में बैठे लोग अस्पतालों और संबंधित अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं ताकि अभिषेक बनर्जी को भर्ती न किया जाए, क्योंकि वे नहीं चाहते कि उनका इलाज हो।’ उन्होंने पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
मेडिकल जांच में गंभीर चोट नहीं मिली
बेल व्यू क्लिनिक द्वारा जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, 30 मई 2026 को 38 वर्षीय अभिषेक बनर्जी की विस्तृत चिकित्सकीय जांच की गई। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। मेडिकल रिपोर्ट में केवल सीने पर एक हल्की चोट (ब्रूज) का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, जांच के दौरान अभिषेक बनर्जी पूरी तरह होश में थे, सतर्क थे और सामान्य रूप से बातचीत कर रहे थे।
अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी
डॉक्टरों ने उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं बताई। एहतियात के तौर पर उन्हें नॉर्मल सलाइन, रिंगर्स लैक्टेट और दर्द निवारक दवाएं दी गईं।